पुलिस के बाद अब नगर निगम का भी होगा अपना पेट्रोल पम्प
सतना | अगले दो से तीन महीनों में सतना प्रदेश की दूसरी ऐसी नगर निगम हो जाएगी जिसका खुद का अपना पेट्रोल पम्प होगा। अभी तक सभी 16 नगरीय निकायों में से मात्र जबलपुर नगर निगम के पास ही अपना खुद का पेट्रोल पम्प है। सतना के अलावा नबर निगम छिंदवाड़ा में भी पेट्रोल पम्प प्रस्तावित है। सतना में पेट्रोल पम्प खोलने का प्रस्ताव इंडियन आॅयल कॉपोर्रेशन ने दिया है जिस पर अमल शुरू करते हुए निगम ने पीएचई में जमीन चिन्हित कर ली है। पेट्रोल पम्प खोलने के लिए 6 प्रकार की एनओसी की अवश्यकता होगी जिसके लिए सम्बंधित विभागों के साथ पत्राचार भी शुरू कर दिया गया है।
नगर निगम दूसरा शासकीय विभाग
नगर निगम दूसरा सरकारी विभाग होगा जिसका खुद का पेट्रोल पंप होगा। इससे पहले पुलिस विभाग ने भी अपना पेट्रोल पंप खोल रखा है। दोनों में सिर्फ अंतर इतना है कि पुलिस विभाग के पेट्रोल पम्प से कोई भी डीजल- पेट्रोल भरा सकता है जबकि निगम के पेट्रोल पम्प में यह व्यवस्था नहीं होगी। यहां सिर्फ निगम अथवा निगम में अनुबंधित वाहनों के लिए ही डीजल उपलब्ध होगा।
ये थीं शर्तें
- पेट्रोल पम्प के लिए आरक्षित जमीन के आस-पास हाईटेंशन लाइन न हो
- अंडर ग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम नहीं होना चाहिए, प्रस्तावित पेट्रोल पम्प के पास
- 30 बाई 30 की जमीन कम से कम होनी चाहिए
- जमीन नगर निगम के नाम हो या फिर 20 साल की लीज पर हो
लगभग 10 रुपए प्रति लीटर का फायदा
इंडियन आॅयल कॉपोर्रेशन नगर निगम को जो प्रस्ताव दिया है उससे प्रत्येक एक लीटर डीजल में लगभग 10 रुपए का फायदा निगम का होगा। उदाहरण के लिए यदि डीजल का रेट 82 रुपए लीटर है, तो वह निगम को 72 रुपए में मिलेगा। आईओसी निगम को 10 रूपए पर लीटर कम में डीजल देगा। एक अनुमान के मुताबिक इससे नगर निगम को हर माह एक से डेढ लाख रुपए का फायदा होगा। यहां उल्लेखनीय है कि निगम में मौजूदा समय में 98 गाड़ियां हैं, जिन पर हर माह लगभग 10 लाख रुपए का डीजल लगता है। स्वच्छता सर्वेक्षण व अन्य विशेष उपलक्ष्यों में यह आंकड़ा थोड़ा बढ़ जाता है।
छिंदवाड़ा में भी प्रस्ताव
फिलहाल प्रदेश की 16 नगरीय निकायों में से 1 नगरीय निकाय जबलपुर के पास ही स्वयं का पेट्रोल पम्प है। इसके बाद अब सतना नगर निगम के पास अगले दो- तीन महीनों में खुद का पेट्रोल पम्प होगा। सतना के अलावा छिंदवाडा नगर निगम के लिए भी इंडियन आॅयल कॉपोर्रेशन ने पेट्रोल पम्प खोलने का प्रस्ताव दिया है।
नगर निगम सतना के पास स्वयं का पेट्रोल पम्प होने से हर माह लगभग एक से डेढ़ लाख रुपए का फायदा उसे हो सकता है। पेट्रोल पम्प के लिए 30 बाई 30 की जमीन की शर्त थी वह नगर निगम के नाम हो या फिर 20 साल की लीज पर हो। पेट्रोल पम्प के लिए निगम को लीज पर जमीन लेने की जरूरत नहीं है। पीएचई स्थित फायर स्टेशन के सामने लगभग तीन हजार स्क्वायर फिट के एरिया में पेट्रोल पम्प का निर्माण होगा।