आज से बिगड़ सकता है मौसम, हो सकती है बारिश
सतना | पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम का मिजाज गर्म होने लगा है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। इससे रात में ठंड कम हो गई है और सुबह भी कंपाने वाली ठंड का अहसास नहीं हो रहा है। इधर धूप निकलने के बाद तेज भी हो गई। दिन में घरों में पंखे चलाने पड़ रहे हैं। स्थानीय मौसम केन्द्र ने अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया है जो सामान्य से साढ़े तीन डिग्री अधिक है।
हवा में नमी भी सुबह 69 तथा शाम को 44 प्रतिशत रही। मौसम के जानकारों ने शुक्रवार को मौसम की चाल बदलने की संभावना जताई है। इस दौरान आसमान पर बादलों की चहल कदमी बढ़ेगी। दिन-रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी और कुछ स्थानों पर बल्की बारिश पड़ने के आसार हैं।
बारिश और बर्फ बारी से बदलेगा मिजाज
मूमन दिसंबर माह में सतना सहित पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ने लगती है, लेकिन पिछले दस दिन से सर्दी गायब है। दिन और रात के तापमान बढ़े हुए हैं। उधर समुद्र में हलचल बढ़े से मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। अंचल के कई स्थानों पर शुक्रवार से बादल छाने लगेंगे, हल्की बारिश हो सकती है। मौसम का यह बदलाव तीन-चार दिन तक चल सकता है। बादल बने रहने से रात के तापमान में सामान्य से पांच-छह डिग्री तक की बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
बताया जा रहा है कि वर्तमान में पाकिस्तान के पास ट्रफ की शक्ल में मौजूद एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के पहाड़ों पर बरसात के साथ बर्फ बारी हो रही है। इस सिस्टम के कारण मप्र पर बने एक प्रति चक्रवात के कारण हवा का रुख उत्तरी नहीं हो पा रहा है। इस वजह से प्रदेश में दिन-रात के तापमान में गिरावट नहीं हो रही है। हवा का रुख 17-18 दिसंबर के आसपास ही उत्तरी होने की संभावना है। इसलिए अंचल में फिलहाल अपेक्षाकृत ठंड नहीं पड़ने की संभावना है।