भाजपा कार्यकर्ताओं को बताएगी क्यों है सबसे अलग पार्टी
सतना। पार्टी की रीति- नीति और सिद्धांतों से अपने कार्यकर्ताओं को अवगत करवाने के लिए भाजपा मंडल स्तर पर प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन करने जा रही है। माना जा रहा है कि ये प्रशिक्षण शिविर 11 दिसम्बर के बाद से आयोजित होंगे। इसके लिए जिला अध्यक्ष से लेकर मंत्री और सांसद तक ड्यिूटी लगाई गई है। प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के वरिष्ठ जन कार्यकर्ताओं को बताएंगे कि भाजपा देश की अन्य पार्टियों से अलग क्यों है?
एक वक्ता, एक विषय
बताया जाता है कि प्रशिक्षण शिविर में एक वक्ता को एक -एक विषय दिया जाएगा, जिस पर वे पार्टी कार्यकर्ताओं को अपना उद्बोधन देंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं को जिन प्रमुख विषयों में शिविरों में अवगत करवाया जाएगा उनमें पार्टी से जुड़े संगठन, पार्टी के कार्यकर्ता और उनके दायित्व,देश में भाजपा की विचारधारा,मीडिया मैनेजमेंट यानि कुल मिलाकर कहें कि भाजपा देश के अन्य पार्टियों से क्यों अलग है? यह अपने कार्यकर्ताओं को वरिष्ठ नेता बताएंगे।
संगठन की दृष्टि से भाजपा ने जिले में अपने 28 मंडल बना रखे हैं, इन मंडलों में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए अठारह वरिष्ठ नेताओं की ड्यिूटी लगाई गई है। इन सभी का एक प्रशिक्षण शिविर रीवा में आयोजित हो चुका है। मंडल स्तर पर पार्टी के नए कार्यकर्ताओं को जिन नेताओं को प्रशिक्षित करना है उनमें पार्टी के जिला अध्यक्ष नारेन्द्र त्रिपाठी, राज्यमंत्री राम खेलावन पटेल, सांसद गणेश सिंह, विधायक विक्रम सिंह विक्की, पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी, सुरेन्द्र सिंह गहरवार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गगनेन्द्र सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास मिश्रा, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, लक्ष्मी यादव, योगेश ताम्रकार एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष सतीश शर्मा शामिल हैं।
तीन मंडलों के अध्यक्षों की घोषणा नहीं
आगामी 11 दिसम्बर के बाद से पार्टी द्वारा अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए मंडल स्तर पर प्रशिक्षण शिविर तो लगाने जा रही है, पर पिछले एक साल से वह तीन विधानसभा में तीन मंडल अध्यक्षों की घोषणा तक अभी नहीं कर पाई है। गौरतलब है कि संगठनात्मक दृष्टि से जिले में भाजपा के 28 मंडल है जिसमें से 25 मंडलों की घोषणा अभी तक हो चुकी है। जबकि सतना के बाबूपुर और अमरपाटन तथा मैहर में एक -एक मंडल अध्यक्ष की घोषणा अभी बकाया है।
भाजपा के साथ जुड़े नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति- नीति और सिद्वांतों से अवगत कराने के लिए प्रदेश भर में मंडल स्तर पर प्रशिक्षण शिविरों को आयोजन किया जा रहा है। सतना के सभी 28 मंडलों में भी इसी तरह के शिविरों का आयोजन आगामी 11 दिसम्बर के बाद होंगे। इसके लिए कौन- कौन वक्ता होंगे यह तय हो गया है।
नरेन्द्र त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष भाजपा