अयोध्या की तरह बांदकपुर धाम को करेंगे विकसित: मुख्यमंत्री

भोपाल | भाजपा ने फिर अपने अंदाज में दमोह उपचुनाव की हवा बदलने की कोशिशें तेज कर दी हैं। उपचुनाव के मतदान की तारीख नजदीक आते देख प्रमुख दलों ने जीत के लिए पूरी ताकत लगाना शुरू कर दी है। भाजपा और कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेता लगातार दमोह पहुंचकर मतदाताओं को अपने पक्ष में वोट डालने के लिए लुभा रहे हैं। सोमवार को फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दमोह पहुंचे। उन्होंने बांदकपुर धाम पहुंचकर भगवान जागेश्वरनाथ के दर्शन किए।

इसके बाद उन्होंने भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह के पक्ष में आमसभा को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जैसा अयोध्या का विकास हो रहा है। वैसा ही बांदकपुर धाम को विकसित किया जाएगा। मैं कोई घोषणा नहीं कर रहा हूं। ये मेरा दायित्व है। बांदकपुर धाम को पर्यटक नहीं धर्म क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां आने वाले भक्तों को सभी सुविधाएं मिलना चाहिए। इसी दौरान उन्होंने पंडाल में मौजूद लोगों से हर-हर महादेव के जयकारे लगवाए। 

सभा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कांग्रेस सरकार में कोई भी विकास का कार्य नहीं हुआ। बांदकपुर धाम में जो भी विकास हुआ वह सांसद निधि से हुआ है। कांग्रेस ने सरकार बनाने के बाद कई घोषणाएं की लेकिन पूरी नहीं हुई। किसानों का कर्जा माफ करने की घोषणा की। इससे कई किसान डिफाल्टर हो गए। लेकिन कर्जा माफ नहीं हुआ। 

दिग्विजय ने प्रदेश का सत्यानाश कर दिया
कमलनाथ जी तुमने पूरे प्रदेश को तबाह और बर्बाद कर दिया था। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर हमला बोलते हुए कहा दिग्गी राजा आए थे। कितनी झूठी बातें करते हैं। उन्होंने ही प्रदेश का सत्यानाश कर दिया था। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा भाजपा पिछला चुनाव दमोह में थोड़े से ही वोटों से हारी थी। वर्ष 2018 के चुनाव परिणाम आए। कांग्रेस को वोट कम मिले। लेकिन सीटें ज्यादा थी। इसलिए उन्हें सरकार बनाने का मौका दिया। जागेश्वरधाम में खड़ा हूं। 

मलैया को दौरे के लिए हेलिकॉप्टर की सुविधा मुहैया कराई
भाजपा ने जयंत मलैया कार्ड खेल दिया गया। जिनसे भितरघात का डर था, अब पार्टी ने उन्हें जीत के लिए खेवनहार मानकर जवाबदारी सौंप दी है। जयंत मलैया को दौरों और सभाओं के हेलिकॉप्टर सुविधा दी है, तो उनके बेटे सिद्धार्थ मलैया को दमोह शहर का पूरा प्रभार सौंप दिया है। उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस के लिए साख का चुनाव बन गया है। भाजपा मतदाताओं को यह साफ मैसेज देना चाहती है कि मलैया परिवार भाजपा के साथ है।