युकां चुनाव: हमें शेरू जिलाध्यक्ष मंजूर नहीं, पैसे लेकर मकसूद मिर्जा ने बदले परिणाम

सतना | हाल ही में युवा कांग्रेस के चुनाव हुए। परिणाम के अनुसार दावेदारों के को पद भी मिले।  जिसे जितने वोट मिले  वैसा पद दिया गया। लेकिन अब चुनाव के बाद युकांईयों के अंदर भारी आक्रोश है। एक तरफ नवागत युकां लोस अध्यक्ष जिले के दौरे में मशगूल है तो उससे कम मत पाने वाले बगावत पर उतर आए हैं। रविवार को युकां नेता अरुण पांडे व विमलेश तिवारी ने आरोप लगाया है कि चुनाव में धांधली की गई है। पैसे लेकर पीआरओ मशहूद मिर्जा ने शेरू को जिलाध्यक्ष बना दिया है। हमें शेरू जिलाध्यक्ष मंजूर नहीं है। इसके साथ ही दोनों ने अपने पद से इस्तीफे का ऐलान किया है। चुनावी गफलत को लेकर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बीबी श्रीनिवासन को ईमेल से शिकायत भेज चुनाव के परिणाम सही करने मांग की है। पन्ना व बालाघाट में भी गड़बड़ी की बात कही गई है।

वरना हम भी अपने को लोस समिति का अध्यक्ष लिखेंगे
सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा के दौरान अरुण व विमलेश के साथ मयंक वर्मा ने कहा कि उनके द्वारा सदस्यता कराई गई थी। मोबाइल एप से मतदान भी अपने सामने ही कराया था। सदस्यता के दौरान ही लोस अध्यक्ष पद की लड़ाई से शेरू को बाहर माना जा रहा था। अरुण के मुताबिक जब वोट अपने सामने डाले गए तो कुछ मत इधर -उधर हो सकते हैं पर अनुमान से बहुत कम मत मिले जो नहीं हो सकता है। इधर इस्तीफे का एलान अरुण व विमलेश के अलावा सतना विस से मयंक वर्मा व नागौद से गौरव सिंह ने किया है। परिणाम से आक्रोशित युवक कांगे्रस के नेताओं ने कहा कि वो इस्तीफा मेल करेंगे स्वीकार हो या नहीं। अरुण ने कहा कि अगर चुनावी नतीजे सही न किए गए तो वो भी अपने को युकां लोकसभा क्षेत्र का का अध्यक्ष लिखेंगे। 

हमें बताएं विधानसभा में कितने वोट
युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अरुण पांडे और विमलेश तिवारी ने आरोप लगाया है कि हमें यह नहीं बताया गया कि उनको सतना के किस विधानसभा में कितनी वोट मिली है। आरोप हैं कि सीधे कुल मत बता कर मशहूद अहमद शेरू को लोस समिति का अध्यक्ष  बता दिया गया। दोनों नेताओं ने मांग की हे कि उनको विधानसभावार मतगणना बताई जाए कि किस विस क्षेत्र में हमें कितनी वोट मिली है। इसके बाद यदि शेरू चुनाव जीतते हैं तो हम जिलाध्यक्ष स्वीकार करेंगे।

डीआरओ ले गए 20 लाख, लौटे नहीं
सतना में युकां के चुनावी परिणाम को लेकर पीआरओ से लेकर डीआरओ व प्रभारी तक के खिलाफ विरोध के बिगुल बज रहे हैं। आरोप हैं कि डीआरओ हेतराम नूनीवाल ने सदस्यता के दौरान दो मर्तबा में लगभग 20 लाख रुपया बतौर सदस्यता फीस लेकर चले गए और बाद में डीआरओ सतना झांकने तक नहीं आए न प्रशिक्षण दिया। वहीं प्रभारी भैया जी पवार से भी नाराजगी जताई गई।

सतना में युवक कांग्रेस के चुनावी परिणाम आने के बाद संगठन में ही रार ठन गई। हालात ये बन गए कि अपनी ही पार्टी के नेता के खिलाफ युकांई सड़क पर उतर नारेबाजी करने लगे। रविवार को सतना के सर्किट हाउस चौराहे में युकां चुनाव परिणाम से नाराज नेताओं ने युकां चुनाव के मप्र में पीआरओ रहे मकसूद मिर्जा का पुतला फूंक दिया। मिर्जा पर उनके ही पार्टी के मैदानी कार्यकर्ताओं ने संगीन आरोप लगाए हैं और पैसे लेकर चुनाव परिणाम बदल,विजेता को पराजित कर मनचाहे को जिलाध्यक्षी का ताज पहना दिया। रविवार को सैकड़ों युकाईयों ने अरुण पांडे,विमलेश तिवारी,मयंक वर्मा के साथ मिल मिर्जा के पुतले को आग के हवाले किया और मुर्दाबाद के नारे लगाए।

इन्होंने दिया इस्तीफा 

  • अरुण पांडे-युकां लोस उपाध्यक्ष
  • विमलेश तिवारी युकां लोस उपाध्यक्ष
  • मयंक वर्मा युकां विस उपाध्यक्ष सतना
  • गौरव सिंह युकां विस उपाध्यक्ष नागौद
  • विपिन शर्मा, युकां विपिन मिश्रा