कोल्ड-डे: सतना में 6.1 डिग्री, टूटा 15 साल का रिकार्ड
सतना | आधे दिसंबर तक सर्दी में भी गर्मी का अहसास कराने वाले मौसम ने गुरुवार की रात अचानक पलटी मारी और इस दौरान 6.1 डिग्री के साथ सर्दी ने पिछले 15 सालों का रिकार्ड ही एक झटके से ध्वस्त कर दिया। ठंड का कहर सतना के साथ विंध्य के अन्य जिलों में भी देखने को मिला है। रीवा में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 5.2, उमरिया 5.7 खजुराहो 4.8, नौगांव 4.1 और सीधी 8 डिग्री दर्ज हुआ है। प्रदेश में 3.1 डिग्री के साथ दतिया सबसे ठंडा रहा। इस दौरान दिन में उत्तर की बर्फीली हवाओं के पहुंचने से धूप में भी सर्दी तमाचे जैसी मारती रही। मौसम विभाग ने आने वाले 5 दिनों में यहां का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के नीचे पहुंचने के साथ ही अगले तीन दिनों तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
दिन में भी हवाओं ने कंपकपाया
आसमान से बादलों के छटने और हवाओं की दिशा बदलते ही जिले में ठंड का कहर शुरू हो गया। बर्फीली हवाओं के चलते गुरुवार की रात रजाई में घुसे रहने के बाद भी लोगों को ठंड का अहसास होता रहा। किसी कदर रात तो कटी पर सुबह धूप निकलने के बाद करीब 10 किलोमीटर की रप्तार से चली बर्फीली हवाओं ने हालत खराब कर दी। हवाओं का यह कहर दिन में कई बार देखने को मिला। स्थानीय मौसम केन्द्र ने शहर का न्यूनतम तापमान 6.1 तथा अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री दर्ज किया है। सुबह भोर 5.30 बजे शहर का तापमान 8, सुबह 8.30 पर 10.4, 11.30 बजे 17.2, दोपहर ढाई बजे 20.6 डिग्री था। हवा में नमी सुबह 58 तथा शाम को 45 प्रतिशत रही।
पहले नहीं रही इतनी गलन
लोगों का कहना है कि यहां इतनी तेज ठंड रही की गर्म कपड़ों के बाद भी लोगों को आग का सहारा लेना पड़ रहा है। स्थानीय मौसम केन्द्र में मौजूद 24 सालों के मौसमी दस्ताबेजों के अनुसार दिसबर में कई बार न्यूनतम तापमान 13 बार 6.1 डिग्री से नीचे रहा पर यह पहली बार है जब 19 दिसंबर के पहले तापमान इतना नीचे गया हो। इसके पहले 2005 में 15 दिसंबर को यह 5.6 डिग्री दर्ज हो चुका है।
4 दिन में 5 से नीचे पारा !
उत्तर के पहाड़ी राज्यों में पड़ी भारी बर्फ के चलते अंचल में अभी और तल्ख होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार हवाओं की दिशा तो उत्तरी रहेगी ही उसकी रफ्तार तेज होने पर यहां का तापमान और तेजी से नीचे आयेगा। संभावना है कि शनिवार से लेकर आगे के चार दिनों तक यहां का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से भी नीचे जाने के आसार बन रहे। इस दौरान कोहरा भी छाएगा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।