दिव्य विचार: निष्कपट और सरल होने का प्रयास करें- मुनिश्री चन्द्रप्रभ जी महाराज

दिव्य विचार: निष्कपट और सरल होने का प्रयास करें- मुनिश्री चन्द्रप्रभ जी महाराज

मुनिश्री चन्द्रप्रभ महाराज जी कहते हैं कि सहजता, सरलता और सौम्यता ही व्यक्ति के जीवन का अंग हो। जैसे कमल का फूल महकता है वह सरल और सौम्य होता है वैसे ही व्यक्ति को बच्चे के समान निष्कपट, सरल, सहज और सौम्य होना चाहिए। मनुष्य का जीवन बच्चों जैसा होना चाहिए, सरलता और निश्छलता से युक्त। जीवन के विकास के लिए बच्चे को बड़ा होना जरूरी है लेकिन जीवन की ऊँचाइयों को छूने के लिए बच्चे जैसा निष्कपट और सहज, सरल मन होना आवश्यक है। परमात्मा के राज्य में वही प्रवेश पाता है जो बच्चे की तरह सरल और निष्कपट होता है। जो सीधे और सरल होते हैं, वे गलती होने पर तुरंत क्षमा मांग लेते हैं। अगर खींचते रहे तो बात का कभी अंत न हो सकेगा। व्यक्ति का जीवन खुली किताब की तरह होना चाहिए। जो अंदर है वही बाहर हो। शब्द है पद्म। पद्म यानी कमल। कमल की पहली विशेषता है उसका सौन्दर्य। उसकी सौम्यता पर इससे भी बढ़कर उसकी जो विशेषता है, वह उसकी निर्लिप्तता है। वातावरण चाहे अनुकूल हो या प्रतिकूल, उसके बावजूद वह निष्प्रभावित रहे। कहते हैं कि एक बार सुकरात पर गुस्से में बड़बड़ाते हुए उनकी पत्नी ने जूठन का कुंडा उनके सिर पर उड़ेल दिया। सुकरात ने हँसते हुए कहा - 'बादल गरजने के बाद तो बरसते ही हैं।' जीवन में चाहिए सरलता, सहजता और सौम्यता। जिनके जीवन में ऐसा है, उनका आभामण्डल गुलाबी रंग का होता है। गुलाबी रंग खुद ही सौम्यता, प्रेम और प्रसन्नता का परिचायक है। आप अपने दिल में गुलाबी रंग का ध्यान साँस लें तो गुलाबी साँस लीजिए और अपने आस-पास गुलाब धरिये सुबह के फूल खिलाइये। आपकी मानसिकता में सहजतया प्रेम-प्रसन्नता के फूल खिलेंगे। यह मन की अत्यन्त ही निर्मलतम और उच्चतम अवस्था है जहाँ व्यक्ति अपने दूषित विचारों के प्रदूषण से स्वयं को मुक्त कर लेता है। क्रूरता मन की निकृष्टतम दशा है, लोलुपता और चिन्ता मन की अवस्थाएँ हैं जो हमें स्वार्थी और तनावग्रस्त बनाती हैं। व्यक्ति के हाथ में है कि वह स्वयं को स्वास्थ्य और शांति प्रदान करे।