दिव्य विचार: जीवन में मधुरता लाने का प्रयास करें- मुनिश्री प्रमाण सागर जी महाराज

दिव्य विचार: जीवन में मधुरता लाने का प्रयास करें- मुनिश्री प्रमाण सागर जी महाराज

मुनिश्री प्रमाण सागर जी कहते हैं कि सन्त कहते हैं कि देह की इस वीणा में जब साधना का तार जोड़ोगे तो उसके भीतर से जो उबरेगा, वही तुम्हारे जीवन के आनंद का संगीत होगा, वही तुम्हारे जीवन की मधुरता का आधार बनेगा। जीवन में मधुरता तब तक नहीं आ सकती जब तक हम अपनी जिन्दगी के तार को ठीक नहीं करते। आज वीणा तो सबके पास है लेकिन तार टूटे हुये हैं, जरूरत केवल उस तार को जोड़ने की है। धर्म और कुछ नहीं करता, धर्म हमें उस टूटे हुये तार को जोड़ने के लिये उत्प्रेरित करता है और जिसके तार जुड़ जाते हैं, उसका जीवन झंकार से भर उठता है। उसके भीतर एक आनंद का झंकार उत्पन्न होता है, एक अनहदनाद प्रकट होता है, एक अद्भुत संगीत प्रकट होता है, जो उसके जीवन की रसोमयी सहृदयता से जोड़ देता है और उसका जीवन सर्वत्र मधुरता से भर जाता है। अंदर भरा सरोवर रस का हमारे जीवन में माधुर्य हो। माधुर्य सबको प्रिय है, मधुरता सबको अच्छी लगती है। कटुता किसी को प्रिय नहीं होती। आपके मुंह में जब कोई मधुर चीज जाती है तो मन प्रफुल्लित हो उठता है। रसगुल्ला मुंह में डालते हो तो चेहरा आनंद से खिल जाता है लेकिन अगर कोई कड़वी निबोरी मुंह में दे दे तो चेहरे की भंगिमा बिगड़ जाती है। तय है कि मधुरता सबको प्रिय है, कटुता किसी को प्रिय नहीं, कोई नहीं चाहता कि मेरे जीवन में किसी प्रकार की कटुता आये। हमेशा मेरा जीवन माधुर्य से भरा रहे, ऐसा हर कोई चाहता है। लेकिन प्रश्न है कि जीवन में माधुर्य कैसे प्रकट हो और हम अपने जीवन की कड़वाहट को कैसे दूर करें? जैसे बाहर की कटुता किसी को पसंद नहीं है, संत कहते हैं कि वैसे ही भीतर की कटुता भी प्रिय नहीं होनी चाहिये। जैसे तुम बाहर के माधुर्य के प्रति सदैव सजग रहते हो, वैसे ही अपने भीतर भी मधुरता की सृष्टि के लिये प्रयत्नशील रहो। लेकिन मुश्किल यह है कि व्यक्ति बाहर के माधुर्य के लिये तो सब प्रकार के प्रयत्न करता है लेकिन भीतर की मधुरता का उसे कुछ अहसास और अवबोध ही नहीं है।