विधायकों को भीड़ जुटाने की दी जिम्मेदारी

विधायकों को भीड़ जुटाने की दी जिम्मेदारी

कांग्रेस महू में करना चाहती है शक्ति प्रदर्शन
भोपाल। बाबा साहब अंबेडकर की जन्मस्थली महू में कांग्रेस इस साल की पहली और सबसे बड़ी रैली निकालने जा रही है। रैली को सफल बनाने और एक लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस ने विधायकों को जिम्मेदारी सौंपी है। ये विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से वाहन के द्वारा महू में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को लेकर पहुंचेंगे।
27 जनवरी को महू में आयोजित होने वाली जय बापू, जय भीम, जय संविधान रैली के लिए कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने विधानसभा क्षेत्र राऊ से शुरूआत की है। हालांकि पटवारी वर्तमान में विधायक नहीं है, मगर प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते उन्होंने प्रदेश के अन्य जिलों के साथ अपने विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी ली है। वहीं उमंग सिंघार के गंधवानी पर दांव खेला है। दोनों नेताओं ने अपने अलावा जिन विधायकों को जिम्मदारी दी गई है, उनमें झूमा सोलंकी भीकनगांव, सचिन यादव कसरावद, केदार चिड़ा भाई डावर भगवानपुरा, मोंटू सोलंकी बड़वानी, बाला बच्चन राजपुर, राजन मंडलोई बड़वानी, सेना महेश पटेल जोबट, डॉ. विक्रांत भूरिया झाबुआ, वीर सिंह भूरिया थांदला, सुरेंद्र सिंह हनी बघेल कुक्षी, डॉ. हीरालाल अलावा मनावर, भंवर सिंह शेखावत बदनापुर और सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल शामिल है। सभी विधायकों को 5 से 10 हजार कार्यकर्ता जुटाने का लक्ष्य दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि महू में आयोजित कांग्रेस की इस रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार खुद एक-एक जिले का दौरा कर रहे हैं। कारण है इस रैली में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के साथ-साथ कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होने वाले हैं। सभी बड़े नेताओं का शामिल होना, प्रदेश कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है। मध्यप्रदेश के लिहाज से भी कांग्रेस का ये आयोजन बड़ा माना जा रहा है।